कालाढूंगी क्षेत्र में हर्ष का माहौल कालाढूंगी।
युवा, ऊर्जावान एवं कर्मठ अधिवक्ता लायबा नूर एडवोकेट को मानवाधिकार संगठन में एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें संगठन का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से अधिवक्ता जगत, सामाजिक संगठनों एवं आम जनमानस में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
एडवोकेट लायबा नूर लंबे समय से विधि क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए मानवाधिकारों की रक्षा, महिलाओं के अधिकारों की मजबूती, पीड़ितों को न्याय दिलाने तथा सामाजिक न्याय से जुड़े मामलों में उल्लेखनीय योगदान देती आ रही हैं। उन्होंने न केवल न्यायालयों में प्रभावी पैरवी की है, बल्कि जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए भी निरंतर कार्य किया है।
मानवाधिकार संगठन द्वारा उनकी नियुक्ति उनके अनुभव, कार्यकुशलता, निष्ठा एवं समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए की गई है। संगठन के पदाधिकारियों का मानना है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश स्तर पर मानवाधिकारों के संरक्षण को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एडवोकेट लायबा नूर ने संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी चुनौती भी है, जिसे वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मानवाधिकारों की रक्षा, महिलाओं एवं पीड़ितों को न्याय दिलाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए वे निरंतर प्रयास करती रहेंगी।
उनकी इस उपलब्धि पर अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। क्षेत्रवासियों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से मानवाधिकारों से जुड़े मामलों को नई गति और मजबूती मिलेगी।

